
मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के चाचा और सेक्युलर मोर्चा के अध्यक्ष शिवपाल सिंह ने आज एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आगामी लोक सभा के चुनाव में सेक्युलर मोर्चा कन्नौज, बदायूं सहित प्रदेश की 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि सपा के संयोजक मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से सेक्युलर मोर्चा के प्रत्याशी होंगे।
उन्होंने मैनपुरी के करहल में पूर्व विधायक मानिकचंद यादव के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि सपा या परिवार से सुलह का कोई प्रस्ताव आता है तो उस पर विचार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अब कदम आगे बढ़ा दिया है, अब आगे ही जायेंगे।
शिवपाल ने आगे कहा कि बसपा जैसे सभी समान विचारधारा बाली पार्टियों से गठबंधन की कोशिश होगी। अखिलेश, डिम्पल, धर्मेंद्र के खिलाफ सेक्युलर मोर्चा के प्रत्याशी उतारने पर वह बोले कि सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने की बात पर उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा वाले लोग, भाजपा के साथ नहीं जा सकते हैं।